CG Sex Racket: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के श्यामतराई गांव में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने एक मकान में दबिश दी। पुलिस को मौके से 4 लड़कियां और 7 लड़के मिले, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद 7 बालिग लड़कों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों ने इस मामले में मुख्य संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि गांव में पिछले 3 से 4 साल से संदिग्ध गतिविधियां चलने की शिकायत मिल रही थी। ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पुलिस ने मकान में मारी दबिश
जानकारी के अनुसार, ग्राम श्यामतराई में एक मकान में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को अर्जुनी थाना पुलिस ने दबिश दी। मौके पर पुलिस को 4 लड़कियां और 7 लड़के मिले। इनमें एक नाबालिग भी शामिल था।
पुलिस सभी को थाने लेकर पहुंची और पूछताछ की। जांच के बाद 7 बालिग लड़कों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
ग्रामीणों ने SP कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
पुलिस कार्रवाई के बाद ग्राम विकास समिति के सदस्य एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मकान में चल रही कथित अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि मकान में पिछले कई वर्षों से रात के समय लोगों की आवाजाही देखी जा रही थी। उन्हें लंबे समय से वहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होने का शक था।
मुख्य व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग
ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष टीकाराम साहू ने कहा कि ग्रामीण सिर्फ मौके पर मिले लोगों पर कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग है कि इस गतिविधि के पीछे जो मुख्य लोग हैं, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि गांव में इस तरह की गतिविधियों से लोगों की छवि खराब हो रही है। प्रशासन को मामले में पूरी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
सरपंच प्रतिनिधि खेमराज साहू ने कहा कि पुलिस की शुरुआती कार्रवाई ठीक है, लेकिन ग्रामीण अभी इससे पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं लगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे।
एसपी भावना पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी। सभी लोगों से पूछताछ की गई और नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।



