CG Murder: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सरपंच की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम (56) की लोहे की रॉड और डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि एक महिला से संबंध को लेकर हुए विवाद में महिला के परिवार के लोगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने इस मामले में महिला के परिवार के 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घटना बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र की है।
जंगल में घेरकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम सरपंच मंगल सिंह मरकाम पंचायत कार्यालय जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसी दौरान आरोपियों ने जंगल के रास्ते में घात लगाकर उन्हें पकड़ लिया।
आरोपियों ने सरपंच के हाथ बांध दिए और लोहे की रॉड, डंडे, थप्पड़ और चप्पल से जमकर मारपीट की। पुलिस के अनुसार, करीब ढाई घंटे तक सरपंच को पीटा गया।
अधमरी हालत में छोड़कर रातभर बैठे रहे आरोपी
मारपीट के बाद आरोपियों ने सरपंच को करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढक दिया। इसके बाद आरोपी वहीं आग जलाकर रातभर बैठे रहे। सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
अगली सुबह तालाब के पास सरपंच के संदिग्ध हालत में पड़े होने की सूचना मिली। परिजन उन्हें इलाज के लिए फरसगांव अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके से मिली बाइक और हथियार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर सरपंच की बाइक मिली। वहीं खेत किनारे लोहे की रॉड और डंडे बरामद हुए। मौके पर खून के निशान और संघर्ष के सबूत भी मिले थे।
पुलिस जांच में खुला हत्या का राज
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सरपंच का एक महिला से संबंध था। इसकी जानकारी महिला के पति और परिवार वालों को हो गई थी। इसी बात को लेकर परिवार के लोग नाराज थे और उन्होंने हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने संदेही मिट्ठू राम नेताम से पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
7 आरोपी गिरफ्तार
बड़ेडोंगर पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के घर से लोहे की रॉड और डंडे भी बरामद किए हैं।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



