Railway Jobs 2026: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण रेलवे ने वर्ष 2026-27 के लिए अप्रेंटिस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 4471 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 163 पद फ्रेशर अभ्यर्थियों और 4308 पद आईटीआई पास अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा। अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता
फ्रेशर श्रेणी में फिटर, पेंटर और वेल्डर ट्रेड के लिए अभ्यर्थी का 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है। मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नीशियन ट्रेड के लिए 12वीं में भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।
आईटीआई श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 10वीं में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक और संबंधित ट्रेड में एनसीवीटी या एससीवीटी से मान्यता प्राप्त आईटीआई प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। इंजीनियरिंग डिग्री या डिप्लोमा धारक इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
आयु सीमा
फ्रेशर अभ्यर्थियों की आयु 15 से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आईटीआई और मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नीशियन श्रेणी के लिए अधिकतम आयु 24 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 27 सितंबर 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
स्टाइपेंड
चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह 8,200 रुपये से 9,600 रुपये तक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन निशुल्क है।
चयन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों का चयन मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा या साक्षात्कार आयोजित नहीं होगा।
जरूरी दस्तावेज
• 10वीं की अंकसूची
• जन्म प्रमाणपत्र
• संबंधित ट्रेड की आईटीआई अंकसूची
• एनसीवीटी या एससीवीटी प्रमाणपत्र
• जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
• ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
• दिव्यांगता प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
• पूर्व सैनिक प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक अभ्यर्थी दक्षिण रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले नया पंजीकरण करना होगा, इसके बाद लॉगिन कर आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।

