Raipur Registry Office: रायपुर में 14 जगहों पर होगी जमीन रजिस्ट्री, भीड़ घटेगी

Raipur Registry Office: रायपुर जिले में जमीन की खरीदी-बिक्री की रजिस्ट्री कराने वाले लोगों को जल्द बड़ी सुविधा मिलने वाली है। अब रजिस्ट्री के लिए केवल कलेक्टोरेट स्थित मुख्य पंजीयन कार्यालय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्रशासन सात नए पंजीयन कार्यालय खोलने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद जिले में कुल 14 स्थानों पर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध होगी।

Raipur Registry Office: रायपुर जिले में जमीन की खरीदी-बिक्री की रजिस्ट्री कराने वाले लोगों को जल्द बड़ी सुविधा मिलने वाली है। अब रजिस्ट्री के लिए केवल कलेक्टोरेट स्थित मुख्य पंजीयन कार्यालय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्रशासन सात नए पंजीयन कार्यालय खोलने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद जिले में कुल 14 स्थानों पर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध होगी।

फिलहाल जिले में सात स्थानों पर रजिस्ट्री की सुविधा संचालित हो रही है। अगले चरण में टाटीबंध-हीरापुर, अमलीडीह-अवंति विहार और बीरगांव-सिलतरा समेत आउटर क्षेत्रों में सात नए कार्यालय शुरू किए जाएंगे।

मुख्य कार्यालय में कम हुई भीड़

नए पंजीयन केंद्र शुरू होने का असर कलेक्टोरेट स्थित मुख्य कार्यालय पर भी दिखाई देने लगा है। पहले यहां प्रतिदिन करीब 250 रजिस्ट्रियां होती थीं, जो अब घटकर लगभग 100 रह गई हैं।

अलग-अलग केंद्रों पर व्यवस्था होने से अब एक रजिस्ट्री पूरी करने में करीब 10 से 20 मिनट का समय लग रहा है। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी उसी के अनुसार जारी किए जा रहे हैं।

इन सात जगहों पर मिल रही सुविधा

वर्तमान में सीबीडी कॉम्प्लेक्स नवा रायपुर, धरसींवा, बेबीलॉन टॉवर वीआईपी रोड, श्रीराम बिजनेस पार्क विधानसभा रोड सड्डू, तिल्दा-नेवरा, आरंग और कलेक्टोरेट स्थित पंजीयन कार्यालय में रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध है।

इन सभी केंद्रों पर मिलाकर प्रतिदिन करीब 400 रजिस्ट्रियां हो रही हैं। इससे लोगों को अपने नजदीकी क्षेत्र में ही रजिस्ट्री कराने का विकल्प मिल रहा है।

सात नए केंद्रों के लिए भवन तलाशे जा रहे

प्रशासन टाटीबंध-हीरापुर, अमलीडीह-अवंति विहार और बीरगांव-सिलतरा समेत सात नए स्थानों पर पंजीयन कार्यालय खोलने के लिए भवनों की तलाश कर रहा है। इनके शुरू होने के बाद लोगों को लंबी दूरी तय कर मुख्य कार्यालय आने की जरूरत काफी कम हो जाएगी।

इन क्षेत्रों के लोगों को होगा फायदा

टाटीबंध, हीरापुर और सरोना के लोगों को रिंग रोड नंबर-2 के आसपास ही रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी। वहीं अमलीडीह-अवंति विहार केंद्र शुरू होने से लाभांडी, पचपेड़ी नाका, भाठागांव, धमतरी रोड और देवपुरी के लोगों को सुविधा मिलेगी।

बीरगांव-सिलतरा में कार्यालय खुलने से उरला, अछोली, सांकरा और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के लोगों को भी अपने नजदीक रजिस्ट्री कराने का अवसर मिलेगा।

पासपोर्ट सेवा केंद्र जैसी होगी सुविधा

नए पंजीयन कार्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां वातानुकूलित प्रतीक्षालय, ऑनलाइन सत्यापन, डिजिटल स्लॉट बुकिंग और बायोमेट्रिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की योजना है। इससे रजिस्ट्री की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।

बिचौलियों पर निर्भरता होगी कम

ऑनलाइन स्लॉट, डिजिटल सत्यापन और बायोमेट्रिक प्रणाली लागू होने से रजिस्ट्री प्रक्रिया अधिक आसान होगी। साथ ही लोगों की बिचौलियों पर निर्भरता कम होने और पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।

मुख्य जिला पंजीयक विनोज कोचे ने बताया कि फिलहाल सात स्थानों पर पंजीयन कार्यालय संचालित हैं और सात नए केंद्रों के लिए भवनों की तलाश की जा रही है। भविष्य में इस मॉडल को पूरे छत्तीसगढ़ में लागू करने की भी योजना है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *