CG Fake Liquor: छत्तीसगढ़ में अवैध शराब कारोबार का नया तरीका सामने आया है। दूसरे राज्यों की शराब को नकली होलोग्राम, लेबल और ढक्कन लगाकर छत्तीसगढ़ में वैध शराब की तरह बेचने की कोशिश की जा रही है। जनवरी से सितंबर 2026 के बीच राजनांदगांव, डोंगरगढ़, महासमुंद, कांकेर, कबीरधाम, मोहला और सूरजपुर सहित कई जिलों में हुई कार्रवाई में इस नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
जांच के दौरान मध्यप्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड की शराब के साथ बड़ी संख्या में खाली बोतलें, नकली होलोग्राम, लेबल और ढक्कन बरामद किए गए हैं। कई मामलों में दूसरे राज्यों की शराब पर छत्तीसगढ़ के लेबल लगाकर उसकी पहचान बदलने की कोशिश सामने आई है।
नकली पैकिंग से बदली जा रही शराब की पहचान
शराब की बोतल पर लगा होलोग्राम उसकी वैधता और पहचान का महत्वपूर्ण सुरक्षा चिन्ह होता है। जांच एजेंसियों के अनुसार, अवैध कारोबारी दूसरे राज्यों से शराब लाकर उस पर नकली होलोग्राम और स्थानीय लेबल लगाकर उसे छत्तीसगढ़ की वैध शराब की तरह बाजार में खपाने की कोशिश कर रहे थे।
डोंगरगढ़ में खुली नेटवर्क की पोल
डोंगरगढ़ में हुई कार्रवाई में सामने आया कि शराब मध्यप्रदेश से लाई जा रही थी, जबकि बोतल, ढक्कन, स्टिकर और होलोग्राम दिल्ली, पुणे और नागपुर जैसे शहरों से मंगाए जाते थे। इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर पैकिंग बदलकर शराब की सप्लाई की जा रही थी।
महासमुंद और कांकेर में भी बड़ी बरामदगी
महासमुंद के सरायपाली में कार्रवाई के दौरान 25 पेटियों में शराब जब्त की गई। जांच आगे बढ़ने पर 3,229 लीटर 860 मिलीलीटर शराब बरामद हुई और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं कांकेर के भानुप्रतापपुर में 4,409 खाली बोतल-पौवे, 3,380 ढक्कन, 105 पत्ते नकली स्टिकर और होलोग्राम के साथ बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
राजनांदगांव और सूरजपुर में भी कार्रवाई
राजनांदगांव-डोंगरगढ़ क्षेत्र में जांच के दौरान 9,600 बोतल शराब जब्त की गई। इस मामले में अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
सूरजपुर में एक मकान से करीब 12 लीटर मिलावटी शराब, 2,500 नकली ढक्कन और 200 रैपर बरामद किए गए। यहां मिलावटी शराब को ब्रांडेड शराब की तरह पैक कर बेचने की आशंका जताई गई है।
ग्राहकों के लिए बढ़ा खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि नकली होलोग्राम और बदली हुई पैकिंग से ग्राहक यह पहचान नहीं कर पाते कि बोतल में मौजूद शराब कहां बनी है और उसकी गुणवत्ता क्या है। ऐसे मामलों में मिलावटी शराब से स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। इसी वजह से पुलिस और आबकारी विभाग पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटे हैं।



