Korba News: खौलती दाल गिरने से 2 साल की मासूम की मौत, आंगन में खेल रही थी बच्ची

Korba News

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घर के आंगन में खेल रही दो वर्षीय बच्ची के ऊपर अचानक खौलती दाल गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी शिव मंदिर गली निवासी शंकर सारथी अपनी पत्नी आरती सारथी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। गुरुवार को शंकर घर पर थे, जबकि उनकी पत्नी आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थी। कुछ देर के लिए आरती कमरे के अंदर चली गईं। इसी दौरान उनकी दो वर्षीय बेटी आराधना खेलते-खेलते सिगड़ी के पास पहुंच गई और दाल के बर्तन से टकरा गई। बर्तन पलटने से खौलती दाल उसके ऊपर गिर गई।

बच्ची की चीख सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *