CG News: बालोद जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में श्मशान के पास तंत्र-मंत्र किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि पितृ पक्ष से पहले कुछ लोग श्मशान के पास संदिग्ध गतिविधियां कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वहां तंत्र-मंत्र की साधना की जा रही थी और कुछ लोग एक-दूसरे का मुंडन भी कर रहे थे।
मौके से मिली पूजा सामग्री
पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर यह गतिविधि की जा रही थी, वहां से नींबू सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर रनचिरई थाने में 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी को गिरफ्तार कर गुण्डरदेही न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
