CG Accident: कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 17 गोवंश अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में 7 गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद गौसेवकों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।![]()
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे भवानी मंदिर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर मौजूद गोवंशों को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही गौसेवक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंशों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं।
चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। दर्री सीएसपी गिरिजा शंकर साव ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


