Raipur Ganesh Jhanki: राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान रातभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली झांकियों में विभिन्न धार्मिक प्रसंगों और पौराणिक कथाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। झांकी देखने के लिए जयस्तंभ चौक समेत पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
झांकियों में वासुकी नाग और गरुड़ के युद्ध, यमलोक में रावण के हमले तथा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गरुड़ का घमंड तोड़ने जैसे धार्मिक प्रसंगों को दर्शाया गया, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी।
छज्जा गिरने से मची अफरा-तफरी
एमजी रोड स्थित मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज डीजे और धुमाल के कंपन के बीच होटल का छज्जा अचानक गिर गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस दौरान तेज आवाज में डीजे बजता रहा और कई लोग नाचते रहे, जबकि पुलिस व्यवस्था संभालने में जुटी रही।
भीड़ में फंसी एंबुलेंस
झांकी मार्ग पर भारी भीड़ के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसे पुलिस ने रास्ता बनाकर बाहर निकाला। वहीं दुर्ग से आई एक महिला भीड़ में अपने परिवार से बिछड़ गई, जिसे पुलिस सहायता केंद्र की मदद से परिजनों से मिलाया गया।
ड्रोन और CCTV से रही निगरानी
झांकी के दौरान पूरे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी। डीजे और साउंड सिस्टम के उपयोग के लिए भी निर्धारित नियम लागू किए गए थे।
शराब की बोतलें जब्त
तेलघानी नाका से शारदा चौक तक पुलिस की जांच के दौरान बड़ी संख्या में कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त की गईं। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की।






