CG Rape: कोरबा जिले में शादी का झांसा देकर एक शादीशुदा महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आसिफ खान को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए, इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई और दोनों बार उस पर दबाव बनाकर गर्भपात कराया। मामला बालको थाना क्षेत्र का है।
शादी से पहले से दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। महिला का कहना है कि उसकी शादी के बाद भी आरोपी लगातार संपर्क में रहा और शादी का वादा कर संबंध बनाए रखे। आरोपी के भरोसे में आकर महिला अपने पति से अलग हो गई, लेकिन आरोपी ने उससे शादी नहीं की।
महिला ने पुलिस को बताया कि पति से अलग होने के बाद आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। इसी दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दोनों बार गर्भपात कराने के लिए दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि उसने आरोपी पर भरोसा किया, लेकिन उसने वादा पूरा नहीं किया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला को जानकारी मिली कि आरोपी किसी दूसरी युवती से शादी की तैयारी कर रहा है और उसकी सगाई भी हो चुकी है। जब महिला ने इसका विरोध किया और शादी करने की बात कही, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद पीड़िता ने बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


