Raipur Ganesh Jhanki: गणेश प्रतिमा विसर्जन झांकियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों की बैठक आयोजित की। दोपहर 3 बजे सी-4 भवन में हुई इस बैठक में पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के विभिन्न जोन, अपराध शाखा और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजकों को सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रूट, समय और वॉलंटियर्स पर विशेष जोर
बैठक में आयोजकों से निर्धारित रूट, समय और झांकियों के क्रम का पालन करने, अनावश्यक रूप से झांकी नहीं रोकने तथा पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स की तैनाती करने को कहा गया। साथ ही सभी वॉलंटियर्स के लिए पहचान पत्र रखने के निर्देश भी दिए गए, जिस पर आयोजकों ने सहमति जताई।
डीजे, नशा और हथियारों को लेकर निर्देश
पुलिस ने झांकी के दौरान नशे का सेवन नहीं करने, किसी भी प्रकार के हथियार या धारदार वस्तु साथ नहीं रखने तथा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आपातकालीन वाहनों और पीछे आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खाली रखने तथा मौके पर तैनात पुलिस और यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति बनी।
सदर बाजार के जर्जर भवनों पर हुई चर्चा
बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर विशेष चर्चा की गई। पुलिस, नगर निगम और एसडीआरएफ के अधिकारियों ने झांकी मार्ग पर संभावित सुरक्षा जोखिमों की जानकारी देते हुए रूट में बदलाव का प्रस्ताव रखा।
हालांकि, गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति जताई। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों ने सहमति दी कि सदर बाजार क्षेत्र में डीजे और ध्वनि यंत्रों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाएगी। बेस और वाइब्रेशन मोड बंद रखे जाएंगे तथा पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और एसडीआरएफ द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन किया जाएगा।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी समितियों से अपने पदाधिकारियों और वॉलंटियर्स को निर्देशों की जानकारी देने तथा विसर्जन के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।


