Danteshwari Temple: दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में शारदीय नवरात्र से पहले सोमवार को 7 महीने 24 दिन बाद 11 दान पेटियां खोली गईं। दान पेटियों से कुल 21 लाख 62 हजार 331 रुपए नकद प्राप्त हुए। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और श्रद्धालुओं द्वारा मन्नत के लिए लिखे गए पत्र भी मिले हैं।
मन्नत के पत्र भी निकले
दान पेटियों से मिले आभूषणों और अन्य सामग्री को सुरक्षित रख लिया गया है। पेटियों में नौकरी, संतान प्राप्ति और अन्य मनोकामनाओं से जुड़े कई पत्र भी मिले। श्रद्धालुओं की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए इन पत्रों की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।
पिछली बार से अधिक मिला दान
इससे पहले 28 जनवरी 2026 को मंदिर की दान पेटियां खोली गई थीं। उस समय 19 लाख 44 हजार 448 रुपए नकद मिले थे। इस बार पिछली बार की तुलना में 2 लाख 17 हजार 883 रुपए अधिक दान प्राप्त हुआ है। मंदिर की दान पेटियां आमतौर पर वर्ष में दो बार खोली जाती हैं।
शारदीय नवरात्र, चैत्र नवरात्र, नववर्ष और फागुन मेले के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान भक्त नकद राशि के साथ सोने-चांदी के आभूषण और अन्य भेंट भी चढ़ाते हैं।
नवरात्र की तैयारियां अंतिम चरण में
शारदीय नवरात्र को देखते हुए मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्य तेज कर दिए गए हैं। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।



