Raipur News: छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। आरोपी के खिलाफ देवेन्द्रनगर और कोतवाली थाने में हेट स्पीच का मामला दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को 5 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही, आरोपी को छुपाने या फरारी में मदद करने वालों पर भी अब कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि संगठन प्रमुख सहित अन्य संबंधित नेताओं के खिलाफ भी अपराध दर्ज है और सभी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आम जनता से किसी भी धर्म या समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी न करने की अपील की है। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस टीम अमित बघेल के रोहणीपुरम स्थित निवास सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों अजय यादव और शिवेन्द्र वर्मा के निवास स्थानों पर भी जांच कर चुकी है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अन्य राज्यों में भी केस दर्ज
भगवान अग्रसेन और सिंधी समाज के ईष्टदेव पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश और दिल्ली में भी प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन राज्यों की पुलिस भी आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
