CG Fake Tobacco: कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में नकली शराब के रैकेट का खुलासा होने के बाद अब पुलिस ने नकली तंबाकू के कारोबार का भी पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक छोटे मालवाहक वाहन से 75 बोरा संदिग्ध नकली तंबाकू जब्त किया है। मामले में नागपुर के एक सप्लायर और दल्लीराजहरा के एक डीलर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।![]()
पुलिस को सूचना मिली थी कि भानुप्रतापपुर और दल्लीराजहरा क्षेत्र में ‘ऊं सुरेश छाप’ तंबाकू के नाम से डुप्लीकेट उत्पाद की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर 18 सितंबर को वाहन जांच के दौरान पुलिस ने CG 08 BH 6398 नंबर के एक छोटे मालवाहक वाहन को रोककर जांच की।
75 बोरा माल जब्त
वाहन चालक से माल से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन को थाने लाकर जांच की गई। जांच में वाहन में बड़ी मात्रा में तंबाकू मिला, जिसके नकली होने की आशंका जताई गई।
पुलिस ने तंबाकू के असली ब्रांड और निर्माता की जानकारी जुटाई। इस दौरान भिलाई की ओम आशा पुरी ट्रेडर्स के संचालक नदीम शहबाज से भी पूछताछ की गई। जांच में क्षेत्र में इस ब्रांड के नकली तंबाकू की सप्लाई किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने वाहन सहित करीब 75 बोरा तंबाकू जब्त कर लिया।
नागपुर का सप्लायर, दल्लीराजहरा का डीलर
पुलिस जांच में सामने आया कि जब्त तंबाकू की सप्लाई नागपुर निवासी सचिन ठाकरे कर रहा था, जबकि दल्लीराजहरा निवासी ओम प्रकाश कुकरेजा को इसका डीलर बनाया गया था। दोनों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
इससे पहले खुला था नकली शराब रैकेट
करीब 13 दिन पहले भानुप्रतापपुर पुलिस ने नकली शराब बनाने और बेचने वाले रैकेट का भी खुलासा किया था। अब नकली तंबाकू की बरामदगी के बाद इलाके में नकली उत्पादों के कारोबार को लेकर पुलिस ने जांच और तेज कर दी है।


