CG Farmer Death: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में खेत की रखवाली करने गए एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि धान की फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए लगाए गए अवैध विद्युत तार की चपेट में आने से किसान की जान चली गई।
मृतक गंगाराम कोल ग्राम पेंड्री का रहने वाला था। वह चनाडोंगरी में खेत की रखवाली करने गया था। जानकारी के अनुसार, रात करीब 7 बजे वह अपने खेत से लगे दूसरे किसान के खेत में लगाए गए विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साथी किसान को भी लगा करंट
घटना के समय किसान महेंद्र कौशिक भी आसपास खेत की रखवाली कर रहा था। उसने बताया कि आवाज देने पर जब गंगाराम की ओर से कोई जवाब नहीं मिला तो वह उसे देखने पहुंचा। वहां पहुंचते ही उसे भी करंट का झटका लगा।
महेंद्र ने किसी तरह खुद को बचाया और देखा कि गंगाराम जमीन पर अचेत पड़ा था। उसके पैरों में विद्युत तार लिपटा हुआ था। इसके बाद उसने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी।
रातभर खेत में पड़ा रहा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि रातभर शव खेत में ही पड़ा रहा और विद्युत प्रवाह को लेकर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। सुबह पुलिस दोबारा घटनास्थल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
परिवार का इकलौता सहारा था किसान
गंगाराम अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

