CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में गहरे अवदाब के प्रभाव से बारिश का सिलसिला अभी जारी रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से 18 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।![]()
सिनोप्टिक सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर तटीय ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा अवदाब उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटे में इसके उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना है। मानसून द्रोणिका भी सक्रिय बनी हुई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में चांपा में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेंटीमीटर, जबकि नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार आज भी शहर में आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है।
वहीं उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश होने की संभावना है।



