CG Murder: जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला की उसके पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।![]()
पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम घुटरी में 26 जुलाई को 46 वर्षीय दुबेश्वरी बाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का शव घर के भीतर बरामद किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट हुई थी।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
पंचनामा कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिला के सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने बाहरी और अंदरूनी गंभीर चोटों को मौत का कारण बताया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन घरेलू विवाद के दौरान वह गुस्से में आ गया और पत्नी के साथ हाथ, मुक्कों और लात से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
