Raigarh Bribery Case: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्ट्रेट के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा के एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सर्पदंश से हुई महिला की मौत के बाद मिलने वाली मुआवजा राशि बैंक खाते में जारी कराने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था।![]()
जानकारी के अनुसार, पुसौर तहसील के ग्राम बुलाकी निवासी विजय सिदार की पत्नी रामकुमारी की वर्ष 2023 में सर्पदंश से मौत हो गई थी। शासन की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए विजय सिदार ने राजस्व विभाग में आवेदन किया था। यह प्रकरण रायगढ़ कलेक्ट्रेट में लंबित था।
मुआवजा दिलाने के नाम पर मांगी रिश्वत
पीड़ित का आरोप है कि कलेक्ट्रेट के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार ने मुआवजा राशि बैंक खाते में जारी कराने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने मुआवजा राशि मिलने के बाद भी 50 हजार रुपए देने की बात कही थी।
ACB ने रंगे हाथों पकड़ा
पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामले की जांच की। शिकायत सही पाए जाने के बाद मंगलवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। एसीबी की टीम ने आरोपी बाबू को 50 हजार रुपए का हस्ताक्षर किया हुआ चेक लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, रिश्वत की रकम की गारंटी के रूप में हस्ताक्षर किया हुआ चेक लेकर रिश्वत मांगने और उसी दौरान पकड़े जाने का यह पहला मामला बताया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

