CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से 3 मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय इंदु, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना के रूप में हुई है। तीनों एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।
तालाब किनारे मिले कपड़े और चप्पल
जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं। दोपहर में वे घर से तालाब में नहाने के लिए निकल गईं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब पहुंचने पर किनारे तीनों के कपड़े और चप्पल मिले। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव तैरता दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
काफी मशक्कत के बाद मिले तीनों शव
सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों बच्चियों के शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

