CG Murder: कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम कांदावानी में जादू-टोने के शक में एक बैगा की हत्या का मामला सामने आया है। दशगात्र कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने रामसिंह बैगा को पकड़कर गांव से बाहर बरसाती नाले की ओर ले जाकर लाठी, पत्थर और हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर को ग्राम कांदावानी में रामसिंह बैगा के दामाद चैतराम बैगा का दशगात्र कार्यक्रम था। इसी दौरान रामसिंह पर जादू-टोना करने का संदेह जताते हुए कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और गांव से बाहर नाले की ओर ले गए।
लाठी और पत्थर से हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रामसिंह के साथ नाले के पास लाठी, पत्थर और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी सवनीबाई बैगा ने 10 सितंबर को कुकदूर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मौत की वजह हत्यात्मक पाई गई। इसके बाद पुलिस ने धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान महर सिंह बैगा (24), धनसू बैगा (21) और जोगी बैगा (21) को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी की लाठी, पत्थर और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, रामसिंह को हत्या की नीयत से पकड़कर नाले की ओर ले जाने के साक्ष्य मिले हैं।
2 नाबालिग भी शामिल
जांच के दौरान पुलिस को घटना में दो नाबालिगों की संलिप्तता के भी साक्ष्य मिले हैं। दोनों को अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
