CG Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायगढ़ से रायपुर की ओर जा रहा छड़ों से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे को तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा। हादसे के बाद ट्रेलर में आग लग गई, जिसकी चपेट में घर के बाहर खड़ी तीन बाइक और घर का सामान भी आ गया
घटना खरसिया के रायगढ़ चौक रोड की बताई जा रही है। ट्रेलर की टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि जिस घर में ट्रेलर घुसा, वहां परिवार के लोग सो रहे थे। ट्रेलर की जोरदार टक्कर और आग लगने के बावजूद घर में मौजूद सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
ट्रेलर और 3 बाइक जलकर राख
टक्कर के बाद ट्रेलर में अचानक आग भड़क गई। कुछ ही देर में आग ने घर के बाहर खड़ी तीन मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से ट्रेलर, तीन बाइक और घर का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
चालक ने कूदकर बचाई जान
हादसे के दौरान ट्रेलर चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
