Raipur News: रायपुर में स्कूटी की डिक्की से मिले 75 लाख कैश, पुलिस के उड़े होश

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक स्कूटी की डिक्की से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में यह रकम हवाला से जुड़ी बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी मिलन शर्मा (25) को गिरफ्तार कर लिया है. वह पेशे से कलेक्शन एजेंट बताया जा रहा है.

समता कॉलोनी में नाकेबंदी के दौरान पकड़ाया

मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है. 27 फरवरी की रात एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान समता कॉलोनी क्षेत्र में आरोपी मिलन शर्मा अपनी एक्टिवा क्रमांक CG 04 NJ 8956 से पहुंचा. तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से एक कपड़े के थैले में भरे 75 लाख रुपये नकद मिले.

पुलिस द्वारा रकम से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद नकदी जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया गया.

हवाला नेटवर्क की जांच शुरू

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के अनुसार आरोपी मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और पिछले पांच वर्षों से रायपुर में रह रहा था. वह अलग-अलग कारोबारियों से नकदी कलेक्ट कर ठिकाने तक पहुंचाने का काम करता था. पूछताछ के दौरान पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने पर संदेह और गहरा गया.

आरोपी के पास से 75 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और एक्टिवा जब्त की गई है. मोबाइल फोन की जांच कर हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. मामले में आयकर विभाग को भी सूचना दे दी गई है और आगे की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *