CG News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में एक प्राथमिक स्कूल का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। वीडियो में छोटे बच्चे बर्तन धोते और पानी भरते नजर आ रहे हैं। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं।![]()
वीडियो छुईखदान ब्लॉक के ग्राम पंचायत बकरकट्टा के आश्रित ग्राम खाम्ही के प्राथमिक स्कूल का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ बच्चे पानी भरते हुए और किचन शेड के आसपास बर्तन साफ करते दिखाई दे रहे हैं।
DEO ने दिए जांच के निर्देश
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल साव ने बताया कि उन्हें वीडियो की जानकारी मिली है और उन्होंने इसे देखा है। उन्होंने कहा कि वीडियो में बहुत छोटे बच्चे दिखाई दे रहे हैं और इस तरह का काम बच्चों से कराया जाना उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि जहां भोजन बनाया जाता है या मध्याह्न भोजन से जुड़ा किचन शेड होता है, वहां बच्चों की मौजूदगी नहीं होनी चाहिए। बच्चों से पानी भरवाना या उन्हें किचन के अंदर भेजना अस्वच्छ और अनुचित है।
DEO ने बीईओ को निर्देशित किया है कि मामले की जांच कर संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण लिया जाए। जांच रिपोर्ट और स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त कक्ष में चल रहा स्कूल
बताया जा रहा है कि खाम्ही प्राथमिक स्कूल का भवन जर्जर होने के कारण स्कूल का संचालन अतिरिक्त कक्ष में किया जा रहा है। इसी दौरान बच्चों के पानी भरने और बर्तन साफ करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चे बैगा आदिवासी समुदाय से बताए जा रहे हैं, जो विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) में शामिल है। फिलहाल शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
