CG Fraud: आवाज बदलकर फोन में बात करता है युवक, दवा लेने के नाम पर मांगता है पैसा; रोने का नाटक कर ठगी  

CG Fraud: आवाज बदलकर फोन में बात करता है युवक, दवा लेने के नाम पर मांगता

CG Fraud: रायगढ़ में फोन कर लोगों को झांसे में लेकर दवा के नाम पर रुपए मांगने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले खुद को परिचित बताकर मदद मांगता था, फिर आवाज बदलकर मेडिकल दुकान संचालक बन जाता था और दवा के नाम पर 1500 से 1700 रुपए ट्रांसफर कराने की कोशिश करता था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल को एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले युवक ने अपना नाम गोलू बताते हुए खुद को परिचित बताया और दवा खरीदने के लिए आर्थिक मदद मांगी। जब उमेश अग्रवाल ने उसे पहचानने से इनकार किया तो आरोपी ने रोने की आवाज निकालते हुए 1500 से 1700 रुपए की जरूरत बताई और मेडिकल संचालक से बात कराने की बात कही।

 

आवाज बदलकर खुद बना मेडिकल संचालक

कुछ ही देर बाद आरोपी ने अपनी आवाज बदलकर खुद को मेडिकल दुकान का संचालक बताया। उसने अपना नाम मनोज बताते हुए कहा कि दवा तैयार है और भुगतान करने के बाद दवा दे दी जाएगी। पूछताछ में उसने जिला अस्पताल के सामने जनता मेडिकल दुकान होने की जानकारी भी दी।

शक होने पर SSP को दी सूचना

बातचीत के दौरान उमेश अग्रवाल को शक हुआ तो उन्होंने खुद मेडिकल दुकान पहुंचने की बात कही। इसके बाद जब उन्होंने उसी नंबर पर दोबारा फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। ठगी की आशंका होने पर उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी एसएसपी को दी।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मोबाइल नंबर की जांच की। जांच में पता चला कि नंबर सक्ती निवासी सतीश अग्रवाल के नाम पर पंजीकृत है। पूछताछ में सतीश ने बताया कि उसने किसी को फोन नहीं किया था। उसने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा ने उसका मोबाइल लेकर कुछ लोगों से बातचीत की थी।

आरोपी ने कबूला जुर्म

इसके बाद पुलिस ने गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने दवा के नाम पर फोन कर लोगों से रुपए मांगने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *