Jagdalpur Murder: जगदलपुर शहर के पुराने तहसील कार्यालय परिसर में शनिवार देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे में सुलझा लिया है। कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल यादव और तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजीव गांधी वार्ड निवासी करण बघेल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मृतक ने अंडा ठेला लगाने वाली युवती को गाली दी थी। गुस्से में आकर उसे सबक सिखाने के लिए युवती के भाई ने अपने 3 नाबालिग दोस्तों को बुलाया और उसका मर्डर करवा दिया।
आरोपियों ने तहसील ऑफिस के पास स्थित दशहरा पसरा परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर युवक को चाकू से मारा था। जहां खून से सनी लाश मिली थी। पुलिस ने 3 नाबालिग समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ऐसे हुई हत्या
पुलिस के मुताबिक, दशहरा पसरा के पास एक युवती अंडा का ठेला लगाती थी। 4 अक्टूबर की रात करण बघेल (मृतक) उसी अंडा ठेले में गया था। युवती का भाई राहुल यादव भी वहीं था। करण ने युवती से माचिस मांगी।
जब उसने देने से मना कर दिया तो उसने युवती को गाली दी, अश्लील कमेंट किया। इसी बात से उसके भाई को गुस्सा आया। पहले करण और राहुल के बीच विवाद हुआ। कुछ देर बाद करण ने अपने 3 नाबालिग दोस्तों को भी बुला लिया।

उसके दोस्त चाकू और लाठी लेकर मौके पर पहुंचे। जिसके बाद तीनों नाबालिगों ने मिलकर युवक को पहले पीटा। फिर दशहरा पसरा परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर मार डाला। जिसके बाद वे वहां से भाग निकले। उसी रात करीब 1:30 बजे हत्या की खबर मृतक के परिजनों को मिल गई थी।
रविवार सुबह जब पुराने तहसील कार्यालय परिसर में खून से लथपथ शव मिला तो आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। चारों ओर खून के धब्बे साफ दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल यादव और तीन नाबालिगों को पकड़ लिया।
पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, लकड़ी का डंडा, दो मोबाइल फोन, एक होंडा साइन मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा बरामद की है। मुख्य आरोपी राहुल यादव और सभी नाबालिगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
