Kondagaon News: फोटो खींचते वक्त बच्चे का पैर फिसला, 40 फीट नीचे खाई में गिरने से मासूम की मौत

Kondagaon News

Kondagaon News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के पर्यटन स्थलों में से एक कुएंमारी जलप्रपात (Kuenmari Waterfall) में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां फोटो लेते समय पैर फिसलने से 13 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बच्चा झरने के ऊपरी हिस्से में अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था और करीब 40 फीट गहरी खाई में गिर गया।

फोटो खींचते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, मृतक ग्राम बटराली निवासी कार्तिक मंडावी अपने दोस्तों के साथ बिना बताए कुएंमारी जलप्रपात पहुंचा था। झरने के ऊपरी हिस्से में फोटो क्लिक करते वक्त पैर फिसल गया और कार्तिक नीचे जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

होनहार बच्चा था कार्तिक

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्तिक को बाहर निकाला और केशकाल अस्पताल लाया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं घटना के बाद बटराली गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि कार्तिक बेहद होनहार और चंचल स्वभाव का बच्चा था। परिवार को बेटे के इस तरह चले जाने का गहरा सदमा लगा है।

जलप्रपात क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड और गश्त की व्यवस्था करने की मांग

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुएंमारी जलप्रपात में बारिश के मौसम में पानी का बहाव तेज हो जाता है, जिससे वहां हादसों की आशंका बढ़ जाती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती अनिवार्य की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी कई पर्यटक और स्थानीय लोग फिसलकर घायल या हताहत हो चुके हैं। इसके बावजूद यहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन को इस घटना से सबक लेते हुए जलप्रपात क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड, बैरिकेड और गश्त की व्यवस्था करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *