CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रायपुर और दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।![]()
अगले 48 घंटे का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
बारिश का आंकड़ा
मौसम विभाग के मुताबिक, 1 जून से अब तक प्रदेश में हुई कुल बारिश सामान्य श्रेणी में है। हालांकि, औसत से 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, जिसे मौसम विज्ञान के मानकों के अनुसार सामान्य माना गया है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में धरमजयगढ़ में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा लैलूंगा, कोरबा, कापू और खरसिया में 20-20 मिमी बारिश हुई। वहीं बीजापुर, नया बाराद्वार, करतला, साल्हेवारा, लाल बहादुर नगर, कांसाबेल, पथलगांव और मानपुर में 10-10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



