Korba Sharab Dukan Chori: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर में शातिर चोरों ने शराब दुकान में सेंध लगाकर करीब 30 हजार रुपए की शराब चुरा ली। खास बात यह रही कि चोरों ने कैश काउंटर को हाथ तक नहीं लगाया और सिर्फ शराब की पेटियां उठाकर ले गए।

कोरबा शराब दुकान में चोरी (Korba liquor shop theft)
जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त की रात को शराब दुकान बंद की गई थी। 15 अगस्त को दुकान सरकारी आदेश के चलते बंद रही। 16 अगस्त की सुबह जब कर्मचारी रामपुर के शराब दुकान (Korba Rampur liquor shop theft) पहुंचे, तो उन्होंने पीछे की दीवार में सेंध लगी देखी। जांच में पता चला कि चोरों ने वारदात से पहले दुकान के CCTV कैमरे (CCTV wire cut theft) के केबल काट दिए थे, जिससे उनकी करतूत रिकॉर्ड न हो सके।

दुकान के सेल्समैन सूरज साहू ने बताया कि चोरी की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची और जांच शुरू की। CSP भूषण एक्का ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चुराई गई शराब की सटीक संख्या का मिलान किया जा रहा है।

