Raipur News: राजधानी रायपुर में आवारा मवेशियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आमानाका-कुकरबेड़ा इलाके में शुक्रवार सुबह 3 सांडों की आपसी लड़ाई के दौरान 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला उनकी चपेट में आ गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।![]()
सुबह करीब साढ़े 8 बजे बरखा मोगरे अपने घर के बाहर ठेले से सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान पास में तीन सांड आपस में लड़ने लगे। देखते ही देखते सांड बेकाबू हो गए और लड़ते हुए महिला की ओर आ गए। एक सांड की जोरदार टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर पड़ी। इसके बाद तीनों सांड लड़ते-लड़ते घर के अंदर तक घुस गए।
घायल महिला के कंधे में गंभीर चोट आई है। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि करीब 8 महीने पहले उनकी रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ था और वह अभी पूरी तरह स्वस्थ भी नहीं हुई थीं।


