Raipur Press Club Firing: राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित रायपुर प्रेस क्लब में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सदस्यता नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
सदस्यता नहीं मिलने पर फायरिंग
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब 5:30 बजे की है। आरोप है कि प्रेस क्लब की सदस्यता नहीं मिलने से नाराज पलाश तिवारी प्रेस क्लब पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को डराने के उद्देश्य से पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग की। घटना के दौरान प्रेस क्लब परिसर में पत्रकारों और अन्य लोगों की मौजूदगी थी, जिससे मौके पर दहशत फैल गई।
कोषाध्यक्ष और सचिव पर भी तानी पिस्टल
बताया जा रहा है कि फायरिंग से पहले आरोपी ने प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और कार्यालय सचिव शिव दत्ता की ओर भी पिस्टल तान दी। इसके बाद परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
आरोपी गिरफ्तार
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी की लिखित शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

