CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में सावन माह के बाद भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिर तेज होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त से बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ सकती हैं। मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 3 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में कुसमी में सबसे अधिक 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
