रायपुर में खुले मवेशी छोड़ना पड़ेगा महंगा , देना होगा जुर्माना

रायपुर। शहर में घर के बाहर मवेशियों को खुले में छोड़ना अब भारी पड़ सकता है। नगर निगम ने मालिकों को मवेशियों को बांधकर रखने की चेतावनी दी है। सड़क पर मवेशी मिलने पर जुर्माने की कार्रवाई होगी।

शनिवार को नगर निगम की काउकैचर और विशेष टीम ने पेंशनबाड़ा, संतोषी नगर चौक, भाठागांव बस टर्मिनल, दुर्गा चौक, मतपारा रोड और तरुण बाजार सहित कई इलाकों में मवेशियों की धरपकड़ की।

निगम के सभी 10 जोनों में अभियान लगातार जारी है। सड़क पर घूमते मवेशियों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। निगम ने लोगों से मवेशियों को घर या सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखने की अपील की है।

निगम के मुताबिक, सड़क पर खुले मवेशियों से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। अचानक सड़क पर आने वाले मवेशियों से हादसे हो सकते हैं, इसलिए मालिकों को जिम्मेदार माना जाएगा।

यह अभियान हाईकोर्ट के आदेश और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। निगम ने स्पष्ट किया है कि मवेशियों की धरपकड़ और जुर्माने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *