Dhamtari News: धमतरी नगर निगम इन दिनों सुर्खियों में है। बीते चार सालों से नियमित बिजली बिल का भुगतान नहीं करने की वजह से निगम का बकाया बिजली बिल 10 करोड़ रुपए से ऊपर पहुंच गया है। इस पर अब विद्युत विभाग का धैर्य जवाब दे गया है और निगम को बिजली लाइन काटने की चेतावनी दी गई है।
280 कनेक्शन पर बकाया
बिजली विभाग ने नगर निगम को 280 कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। इसमें स्ट्रीट लाइट, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, मोटर पंप, भवन, उद्यान और शौचालय के कनेक्शन शामिल हैं।
लगातार छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा नोटिस भेजकर भुगतान की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

नगर निगम उपायुक्त प्रवीण सार्वा ने बताया कि बीते 4 वर्षों में बिजली बिल का बकाया 10 करोड़ रुपए पार कर गया है। हर महीने निगम को लगभग 20 से 22 लाख रुपए का बिल आता है। बीच-बीच में भुगतान किया जाता है, लेकिन बड़ी राशि होने के कारण बकाया लगातार बढ़ता गया। इस स्थिति से निपटने के लिए निगम ने शासन से आर्थिक सहयोग मांगा है।
बिजली विभाग का बयान
बिजली विभाग की असिस्टेंट इंजीनियर प्रेमलता देवांगन ने कहा कि निगम द्वारा समय पर भुगतान नहीं करने से बकाया राशि 10 करोड़ से ज्यादा हो गई है। उन्होंने साफ कहा कि अगर जल्द ही भुगतान नहीं किया गया तो बिजली लाइन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
