Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक हॉस्टल संचालक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। यहां नाबालिग लड़की के कमरे में घुसकर 63 वर्षीय अधेड़ संचालक ने उसके कपड़े उतार दिए और गंदी हरकत करने की कोशिश की। अचानक नींद खुलने पर पीड़िता ने बहादुरी दिखाई और संचालक के हाथ को दांत से काटकर भाग निकली। शोर मचाने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
कैसे हुआ वारदात?
मिली जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय नाबालिग लिंगियाडीह स्थित श्योर जिंदगी गर्ल्स हॉस्टल (Sure Zindagi Girls Hostel Lingiyadih Bilaspur) में किराए पर रह रही थी। वह सिलाई का काम करती है। 22 सितंबर की रात वह काम से लौटकर आई और खाना खाकर सो गई। इस दौरान उसने दरवाजा बंद करना भूल गई।
सुबह करीब 5 बजे हॉस्टल मालिक 63 वर्षीय गुरमीत सिंह (Gurmeet Singh Arrest) कमरे में घुस गया। उसने लड़की के कपड़े उतारने शुरू कर दिए। तभी पीड़िता की नींद खुल गई। विरोध करने पर संचालक जबरदस्ती करने लगा, लेकिन लड़की ने उसके हाथ को दांत से काट लिया और शोर मचाने लगी।

आरोपी भागा, पीड़िता पहुंची थाने
लड़की के शोर मचाने पर संचालक वहां से भाग निकला। पीड़िता सीधे सरकंडा थाने पहुंची और पूरी घटना बताई। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर दबिश दी और उसे अंबे रेसिडेंसी स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि पीड़िता ने पुलिस को अपना अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया है। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
