Sapna Choudhary program Korba: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम के बाद हंगामा मच गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने जश्न रिसोर्ट में तोड़फोड़ की और सपना चौधरी की टीम के साथ मारपीट की। इस मामले में सपना चौधरी की टीम और रिसोर्ट के मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार्यक्रम के बाद बवाल
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बाद रात में सपना चौधरी अपने कमरे में सो रही थीं, तभी बाहर कुछ लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। गाली-गलौज के साथ गोली मारने की धमकी दी गई। सपना चौधरी के अनुसार, उनकी टीम के साथ झगड़ा और मारपीट की गई और लोगों को उकसाया भी गया।


10 हजार लूट और CCTV डिवाइस ले जाने का आरोप
रिसोर्ट के मालिक करणदीप ने अमित, अनिल, युगल और सुजल के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि इन चार लोगों ने सपना चौधरी की टीम से अधिक पैसा लेने का दबाव बनाया और विरोध करने पर रिसोर्ट में तोड़फोड़ की। इसके साथ ही CCTV कैमरा का DVR अपने साथ ले गए और 10,000 रुपए की लूट भी की।
जांच जारी
रिसोर्ट मालिक ने बताया कि इस घटना में करीब 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू की छानबीन कर रही है और दोषियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
