CG Train Cancelled: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक अनुरक्षण और रेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। कंसबहाल और धारुआडीही सेक्शन की अप और डाउन लाइन पर ट्रैक मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 3 जुलाई 2026 से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, कुछ का आंशिक संचालन होगा, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा।![]()
हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस इन तारीखों पर रहेगी रद्द
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस जुलाई से नवंबर 2026 के बीच निर्धारित कई तिथियों पर रद्द रहेगी। वहीं गाड़ी संख्या 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस भी अलग-अलग निर्धारित तिथियों पर संचालित नहीं होगी। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
बिलासपुर-टाटानगर सहित कई ट्रेनें प्रभावित
मेगा ब्लॉक का असर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली अन्य ट्रेनों पर भी पड़ेगा। गाड़ी संख्या 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस तथा 18109 और 18110 टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस भी जुलाई से नवंबर के बीच अलग-अलग तिथियों पर रद्द रहेंगी। इससे छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, तेलंगाना और महाराष्ट्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
साउथ बिहार एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित
रेलवे ने गाड़ी संख्या 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस और 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस के संचालन में भी बदलाव किया है। कुछ निर्धारित तिथियों पर ये ट्रेनें केवल राउरकेला तक ही चलेंगी या वहीं से रवाना होंगी। यानी दुर्ग और राउरकेला के बीच इनका संचालन प्रभावित रहेगा।
उत्कल एक्सप्रेस बदले हुए मार्ग से चलेगी
मेगा ब्लॉक के दौरान गाड़ी संख्या 18478 योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन निर्धारित तिथियों पर ईब, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर सिटी और कटक होकर पुरी पहुंचेगी।
यात्रा से पहले देखें लिस्ट
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति और निर्धारित तिथि की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। ट्रैक अनुरक्षण कार्य का उद्देश्य रेल सुरक्षा को मजबूत करना और यात्रियों को सुरक्षित तथा बेहतर रेल सेवा उपलब्ध कराना है। इसलिए किसी भी असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही यात्रा की योजना बनाएं।


