रायपुर। विधानसभा थाना परिसर में शनिवार 29 अगस्त को वाटर कूलर से करंट लगने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक पानी पीने के लिए कूलर के पास पहुंचा था। उसे बचाने की कोशिश में एक आरक्षक भी झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी रमेश ठाकुर (32) किसी काम से विधानसभा थाना पहुंचा था। थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर को छूते ही वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर गिर पड़ा।
युवक को करंट लगते देख पुलिसकर्मी उसे बचाने दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गणेश भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गए। तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और दोनों को बचाने का प्रयास किया गया।
हालांकि, तब तक रमेश ठाकुर की मौत हो चुकी थी। घायल आरक्षक गणेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। CSEB के अधिकारी और कर्मचारी भी थाना परिसर पहुंचे और वाटर कूलर तथा उसके विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू की।
जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत प्रवाह उसके बाहरी हिस्से तक कैसे पहुंचा। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।
