CG Cyclone Alert: कल भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी, सभी स्कूल और आंगनबाड़ी रहेंगे बंद !

tufan

CG Cyclone Alert: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में 29 अक्टूबर, गुरुवार को सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।

भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। संभावित जोखिम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक गतिविधियां एक दिन के लिए स्थगित कर दी हैं।

शिक्षकों और कर्मचारियों की रहेगी ड्यूटी

जारी आदेश के अनुसार अवकाश केवल विद्यार्थियों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के लिए रहेगा। शिक्षकों, आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों, कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं पर यह आदेश लागू नहीं होगा। सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों का नियमित रूप से निर्वहन करेंगे।

बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता

जिला प्रशासन ने कहा है कि यह निर्णय मौसम की गंभीर चेतावनी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से लिया गया है। लोगों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *