CG Dhan Kharidi 2026: खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को धान बेचने के लिए अब सोसायटियों में लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। राज्य सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए पिछले वर्ष की तरह इस बार भी ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था जारी रखी है। किसान घर बैठे अपनी सुविधा के अनुसार धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
24 घंटे मिलेगी ऑनलाइन टोकन की सुविधा
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा संचालित ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। इस एप के माध्यम से किसान 24 घंटे ऑनलाइन टोकन बुक कर सकते हैं। इससे समय और श्रम की बचत होगी तथा धान खरीदी प्रक्रिया अधिक आसान और व्यवस्थित बनेगी।
जोत के अनुसार मिलेंगे टोकन
धान विक्रय के लिए किसानों की जोत के आधार पर टोकन की संख्या तय की गई है। दो एकड़ तक के लघु एवं सीमांत किसानों को एक टोकन मिलेगा। दो एकड़ से अधिक और 10 एकड़ तक की जोत वाले किसानों को अधिकतम दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक रकबे वाले किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी किए जाएंगे।
धान की मात्रा भी खुद कर सकेंगे दर्ज
इस वर्ष भी किसानों को टोकन लेते समय धान की मात्रा दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। किसान अपनी उपलब्ध उपज के अनुसार मात्रा दर्ज कर टोकन प्राप्त कर सकेंगे। यदि किसी टोकन पर पूरी पात्र मात्रा का धान नहीं बेचा जाता है, तो बची हुई पात्र मात्रा समाप्त नहीं होगी। किसान शेष धान को दूसरे या तीसरे टोकन के माध्यम से बेच सकेंगे।



