GPM News: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दानिकुंडी में पटवारी पर हमले का मामला सामने आया है। कार्यालय के भीतर घुसकर एक युवक ने लोहे की रॉड से पटवारी पर हमला कर दिया। हमले में पटवारी के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पटवारी पर रॉड से किया वार
जानकारी के अनुसार, दानिकुंडी के हल्का नंबर 26 में पदस्थ पटवारी शुद्दू राम कोल अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान प्रकाश गोंड नाम का युवक वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि युवक ने पास में रखी लोहे की रॉड उठाकर पटवारी के सिर पर हमला कर दिया।
पैसे लेकर नहीं किया काम
वायरल वीडियो में आरोपी प्रकाश गोंड पटवारी पर पैसे लेने के बावजूद काम नहीं करने का आरोप लगाते हुए नजर आ रहा है। उसका कहना है कि पिछले तीन साल से उसका काम लंबित है और पटवारी ने लिया गया पैसा भी वापस नहीं किया। घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

