CG Murder: रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर सबूत मिटाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार पति ने गला दबाकर पत्नी की हत्या की, फिर शव को जलाकर हड्डियों के अवशेष घर के आंगन में गड्ढा खोदकर दफना दिए। इसके बाद पत्नी की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। DNA जांच में सच सामने आने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।![]()
गुमशुदगी की रिपोर्ट से शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार ग्राम कुमा निवासी देवानंद सिदार ने 28 अप्रैल को कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी चमेली सिदार 16 अप्रैल की रात घर से लापता हो गई है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आई सच्चाई
पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान संदिग्ध लगे। पुलिस ने महिला के परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। इसी बीच परिजनों को सूचना मिली कि चमेली की हत्या कर शव जला दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
आंगन में दफनाई हड्डियां
FSL टीम और पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली। जांच के दौरान घर के आंगन से जली हुई हड्डियों के अवशेष बरामद हुए। इन्हें डीएनए जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि अवशेष चमेली सिदार के ही हैं।
पालक की सब्जी को लेकर हुआ विवाद
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 16 अप्रैल की रात भाजी (पालक) की सब्जी बनाने की बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को जलाकर हड्डियों को आंगन में गड्ढा खोदकर पत्थर के नीचे दबा दिया और बाद में गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी।
आरोपी पति गिरफ्तार
डीएनए रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपी देवानंद सिदार के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया। कुछ समय तक फरार रहने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।



