CG News: बिलासपुर जिले के तखतपुर में बासी समोसा परोसे जाने की शिकायत करना एक ग्राहक को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज होटल संचालक ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर ग्राहक की जमकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बासी समोसा को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार ग्राम मरका निवासी दीपक कुमार जायसवाल मंगलवार शाम अपनी बहन, जीजा, भांजी और छोटे भाई के साथ तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स में नाश्ता करने रुके थे। इस दौरान छोटे भाई और भांजी ने समोसा खराब होने की शिकायत की। दीपक ने इसकी जानकारी होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन को दी।
बासी समोसा के शिकायत पर भड़का संचालक
आरोप है कि शिकायत सुनते ही होटल संचालक गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दीपक पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान दीपक के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
बहन से भी की धक्का-मुक्की
मारपीट होते देख दीपक की बहन मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि होटल संचालक और उसके साथियों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया।
घटना के बाद पीड़ित ने तखतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस ने जब्त की है, जिसमें मारपीट की घटना कैद होने की बात सामने आई है।


