Balrampur School Viral Video: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को धूमिल करने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रामचंद्रपुर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गाने पर डांस कराए जाने के मामले में प्रभारी प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
पूरा मामला 26 जनवरी का है। स्कूल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा भोजपुरी गानों पर डांस किया गया था। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद आम लोगों और अभिभावकों ने राष्ट्रीय पर्व के दिन इस तरह के गानों के चयन पर आपत्ति जताई।

जांच के बाद प्रशासन का सख्त एक्शन
मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल के प्रभारी प्राचार्य बसंत गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर पूरी रिपोर्ट सरगुजा संभाग आयुक्त कार्यालय को भेजी गई।
संभागायुक्त ने जारी किया निलंबन आदेश
सरगुजा संभागायुक्त ने कर्तव्य में लापरवाही और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में प्रभारी प्राचार्य बसंत गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलरामपुर निर्धारित किया गया है।
