Raipur Chakubaji: रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार सुबह आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा इलाके में ईद के जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी और मारपीट की घटना सामने आई। घटना में तीन युवक घायल हुए हैं, जिनमें एक को चाकू लगा है।
पुरानी रंजिश में विवाद
जानकारी के अनुसार ईद का जुलूस तात्यापारा क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी और तीन युवकों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।![]()
युवक पर चाकू से हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। मारपीट में दो अन्य युवकों को भी चोटें आई हैं। इनमें एक युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने की जानकारी है।
घटना में आरिफ सोफिया खान उर्फ मोंटी, निवासी ईदगाह भाटा, का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम पहले भी आपराधिक गतिविधियों के मामलों में सामने आ चुका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
