CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं।![]()
कई क्षेत्रों में हुई जोरदार बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान बस्तर, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक 170 मिमी बारिश बड़े बचेली में रिकॉर्ड की गई।
लो प्रेशर सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है, जिससे कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सामान्य से 2 प्रतिशत कम बारिश
प्रदेश में अब तक मानसून सीजन की कुल वर्षा सामान्य के करीब बनी हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक औसत बारिश सामान्य से 2 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। अगले 24 घंटे में अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।



