CG News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का खून से लथपथ शव घर में मिला, जबकि उसकी प्रेमिका ने भी अपना गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर का है।![]()
10 साल से साथ रह रहे थे
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी प्रेमिका के साथ किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। बुधवार को घर में युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसकी बाद में मौत हो गई।
प्रेमिका ने भी काटा अपना गला
घटना के बाद युवक के साथ रह रही महिला ने भी धारदार हथियार से अपना गला काट लिया। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस को क्या बताया?
प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसके प्रेमी ने पहले खुद अपना गला काट लिया था। उसे खून से लथपथ देखकर उसने भी आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि पुलिस इस बयान की पुष्टि जांच के बाद ही करेगी।
हर पहलू से जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर के दरवाजे के पास युवक का खून से सना शव मिला, जबकि दीवारों पर भी खून के निशान पाए गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


