CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के समडील गांव में स्कूल से लौटते समय घोंघा नदी पार करने के दौरान तेज बहाव में बहे एक ही परिवार के तीन बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।![]()
एक ही परिवार के थे तीनों बच्चे
तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान के अनुसार, समडील गांव के चार बच्चे शनिवार शाम नयापारा स्थित डीपी विप्र विद्यालय से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। इनमें स्तुति जायसवाल और अनमोल जायसवाल सगे भाई-बहन थे, जबकि शिक्षा जायसवाल उनके चाचा की बेटी थी। राजेंद्र जायसवाल परिवार का भांजा है।
नदी पार कर रहे थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र के पास साइकिल थी, जबकि बाकी तीनों बच्चे पैदल चल रहे थे। रास्ते में राजेंद्र ने पुल से जाने के बजाय नदी पार कर जल्दी घर पहुंचने की बात कही। इसके बाद चारों घोंघा नदी पैदल पार करने लगे। इसी दौरान तेज बहाव में तीनों छोटे बच्चे बह गए, जबकि राजेंद्र किसी तरह तैरकर किनारे पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस ने तलाश शुरू कर दी। इसके बाद राज्य आपदा मोचन बल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शनिवार देर शाम स्तुति जायसवाल का शव घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों में मिला।
रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने अनमोल जायसवाल और शिक्षा जायसवाल के शव घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सूरी घाट के पास बरामद किए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं। मामले की जांच जारी है।


