Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पचरीपारा इलाके में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शबाना निशा उर्फ रानी (37) ने कोर्ट के आदेश पर घर खाली कराने पहुंची पुलिस और कोर्ट स्टाफ के सामने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसी शबाना की रायपुर के DKS अस्पताल में 7 दिनों तक चले इलाज के बाद शुक्रवार को मौत हो गई।

घटना 22 जनवरी की दोपहर करीब 2:30 बजे की है। शबाना निशा जिस मकान में वर्षों से किराए पर रह रही थी, उसे खरीदना चाहती थी, लेकिन मकान मालिक फेरू राम इसके लिए तैयार नहीं था। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला डिस्ट्रिक्ट कोर्ट पहुंचा, जहां शबाना को हार का सामना करना पड़ा। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस और कोर्ट स्टाफ कब्जा दिलाने के लिए मौके पर पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान ही शबाना अचानक घर के अंदर गई और खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरी शबाना घर से बाहर निकली, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने चादर की मदद से किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक वह करीब 95 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया।

शबाना निशा कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थी और पिछले दुर्ग नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 28 पचरीपारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद का चुनाव भी लड़ चुकी थी। उसकी मौत के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश के तहत कार्रवाई की जा रही थी, उसी दौरान महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मामले की जांच जारी है।
Durg News: महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने खुद को लगाई आग, 95% झुलसी घर खाली कराने पहुंची थी पुलिस
