Gariyaband Ashlil Dance: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आयोजित ओपेरा (आर्केस्ट्रा) कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच पर अश्लीलता फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देवभोग थाना क्षेत्र के उरमाल में आयोजित अश्लील डांस कार्यक्रम मामले नियमों के विपरीत अश्लील नृत्य कार्यक्रम को अनुमति देने और स्वयं आयोजन में शामिल होने की पुष्टि होने के बाद कमिश्नर महादेव कांवरे ने मैनपुर SDM तुलसी दास मरकाम को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, उरमाल गांव में 6 दिवसीय ओपेरा आयोजन की अनुमति मनोरंजन कार्यक्रम के नाम पर ली गई थी। यह अनुमति मैनपुर SDM तुलसी दास मरकाम द्वारा दी गई थी। लेकिन आयोजन के तीसरे दिन, 7 जनवरी से मंच पर खुलेआम अश्लील नृत्य शुरू कर दिया गया।आयोजकों द्वारा ओडिशा की बार डांसरों को बुलाया गया था, जिसे देखने 8 जनवरी से भारी भीड़ जुटने लगी।

मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब 9 जनवरी को स्वयं एसडीएम तुलसी दास मरकाम आयोजन स्थल पर पहुंचे और अश्लील कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। आयोजकों द्वारा उनके लिए आगे की सीट आरक्षित रखी गई थी। रात 11 बजे से सुबह 3 बजे तक मंच पर अर्धनग्न अवस्था में डांसर्स की प्रस्तुति चलती रही। पंडाल के भीतर अफसर, पुलिसकर्मी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे और मंच पर जमकर पैसे उड़ाए गए।

10 जनवरी को कार्यक्रम से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया था, लेकिन आयोजन की अनुमति देने वाले SDM के खिलाफ तत्काल कोई कदम नहीं उठाया गया। बाद में जांच रिपोर्ट सामने आने पर प्रशासन ने SDM तुलसी दास मरकाम को निलंबित करने की कार्रवाई की।
