CG School Bus Accident: बेमेतरा जिले में सोमवार सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे के समय बस में 17 से 18 बच्चे सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई बच्चों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।![]()
जानकारी के अनुसार, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 25 A 0218 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल के बीच बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और खेत में पलट गई।
ग्रामीणों ने बचाई बच्चों की जान
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने ड्राइवर और कंडक्टर की मदद से बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल बच्चों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

